पीएम मोदी बोले- दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा
वहीं दूसरी तरफ पीएम नरेंद्र मोदी ने संसद के मानसून सत्र में शामिल होने से पहले संसद परिसर ने मणिपुर हिंसा को लेकर दो टूक बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। माताओं और बहनों की रक्षा के लिए कठोर कदम उठाए जाएंगे। मणिपुर की घटना शर्मसार करने वाली है। इस घटना से पूरे देश की बेइज्जती हुई है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाएंगे।
मणिपुर हिंसा महिला वीडियो को लेकर आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि मणिपुर से एक दर्दनाक वीडियो सामने आया है। जो बेहद ही दुखद है। बीजेपी सरकार यह मानने को तैयार नहीं है कि मणिपुर में सब कुछ ठीक नहीं है। आगे कहा कि एनडीए की बैठक के लिए 38 पार्टियां मिलीं। लेकिन मैं पूछना चाहता हूं कि क्या किसी ने पीएम से पूछा कि मणिपुर क्यों जल रहा है। वहां तो डबल इंजन की सरकार है। भाजपा देश को सुरक्षा नहीं दे पा रही है। मणिपुर जल रहा है और वे पांच सितारा होटल में बैठक कर रहे हैं।
नग्न वीडियो पर मणिपुर सरकार का आदेश
मणिपुर में दो महिलाओं को नग्न करके घुमाने के मामले पर सरकार ने कड़ा एक्शन लिया है। मणिपुर सरकार ने ट्विटर और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो शेयर नहीं करने का आदेश जारी किया है। साथ ही सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से कानूनों का पालन करने को कहा है। सरकार का कहना है कि अभी मामले की जांच चल रही है। ऐसे में कोई भी व्यक्ति इस मामले से जुड़ा सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर न करे।