दिल्ली के सागरपुर के नसीरपुर इलाके में गुरुवार सुबह नाले की सफाई के दौरान ग्रेनेड मिलने से सनसनी फैल गई। रास्ते के नीचे नाले की सफाई के दौरान एक सफाई कर्मचारी को ग्रेनेड मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रेनेड को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने ग्रेनेड को सुरक्षित स्थान पर रखवाकर एनएसजी को इसकी सूचना दे दी है।
दक्षिण पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त इंगित प्रताप सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह 11 बजकर 55 मिनट पर पुलिस को ग्रेनेड मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सागरपुर थाना प्रभारी बम निरोधक दस्ता के साथ वहां पहुंचे। तब तक इलाके में ग्रेनेड मिलने की खबर फैल चुकी थी और वहां काफी लोग जमा हो गए थे। मौके पर पहुंचते ही पुलिस ने लोगों को वहां से दूर किया और जिला बैलिस्टिक टीम ने ग्रेनेड को कब्जे में कर उसे भीड़भाड़ से दूर खुले स्थान पर सुरक्षित रूप से रख दिया।
इसके आस-पास के क्षेत्र को रेत के बोरे से दबा दिया। ताकि विस्फोट होने की स्थिति में उसके प्रभाव को कम किया जा सके। साथ ही वहां पुलिसबल को तैनात कर दिया गया है और उस इलाके में किसी को जाने नहीं दिया जा रहा है। पुलिस ने ग्रेनेड मिलने की जानकारी एनएसजी को दे दी है, जिससे उसके मेक और मॉडल का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि ग्रेनेड में सेफ्टी पिन लगा हुआ है, लेकिन उसपर पूरी तरह से जंग लगा हुआ है और पानी में रहने की वजह से इसमें विस्फोट की संभावना कम ही है। बैलिस्यिक विशेज्ञत ने बताया है कि इसपर एचई 36 लिखा हुआ है। इसके अलावा उसमें अभी कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है। एनएसजी की टीम के आने के बाद ही वह अपने कब्जे में कर इसकी छानबीन करेगी।