उत्तर-पूर्वी दिल्ली में फरवरी 2020 में हुए दंगों को याद कर लोग अभी भी कांप जाते हैं। सोमवार रात को जिले के कबीर नगर में एक बार फिर सांप्रदायिक दंगे की खबर फैलाने का प्रयास किया गया। दो परिवार के बीच हुए मामूली झगड़े को सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किया गया।
सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गली में कार खड़ी करने को लेकर दो परिवार आसपास में भिड़े थे। मारपीट में दोनों ओर से कुल छह लोग जख्मी हुए हैं। ज्योति नगर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कर छह लोगों गिरफ्तार किया गया है। सीसीटीवी फुटेज से मामले की जांच की जा रही है। दोनों परिवारों से पूछताछ भी की जा रही है। फिलहाल इलाके में अभी भी पुलिस बल तैनात है।
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोमवार रात करीब 9.00 बजे गली नंबर-5, कबीर नगर में बवाल की सूचना मिली। फौरन वहां पुलिस बल को भेजा गया। जांच के दौरान पता चला है कि शाहनवाज (46) गली में कार खड़ी करता है। इसको लेकर उसका अपने पड़ोसी ओमप्रकाश से विवाद था। रात को ओम प्रकाश व शाहनवाज का झगड़ा हो गया। दोनों के दो-दो बेटे आपस में भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर मारपीट गई। कई के सिर भी फूट गए।
मारपीट के दौरान लोगों ने सोशल मीडिया पर मैसेज कर इस मामूली झगड़े को सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। पुलिस ने दोनों को शांत कराया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मारपीट में ओम प्रकाश और व उसके दो बेटों को चोट लगी। वहीं दूसरी ओर से शाहनवाज व उसके दोनों बेटे भी घायल हुए।
पुलिस ने फौरन मामला दर्ज कर दोनों ओर से तीन-तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा सोशल मीडिया के दौरान पुलिस ने लोगों से शांति को भंग न करने की अपील की। साथ ही पुलिस ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त एक्शन लेने की बात की। फिलहाल एहतियात के तौर पर कबीर नगर में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों परिवार गली में गाड़ी करने को लेकर पहले से झगड़ा करते आए हैं। सोमवार को दोनों के बीच मारपीट हो गई।