लखीमपुर खीरी जिले के मैलानी थाना क्षेत्र के मोतीपुर गांव में आंबेडकर प्रतिमा टूटने को लेकर भारी बवाल हो गया। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस पर मूर्ति तोड़ने का आरोप लगाया। इस बीच पहुंची पुलिस को देखकर महिलाओं ने प्रतिमा को दोबारा स्थापित कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते हुए बांकेगंज-कुकरा मार्ग पर बड़ी नहर पुल के बीच धरने पर बैठ गईं। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब चार घंटे तक मार्ग जाम रहा। ग्रामीणों द्वारा वाहनों में आगजनी भी की गई।
ग्राम पंचायत ग्रंट नंबर 10 के मोतीपुर गांव के लोगों ने मंगलवार दोपहर डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर माल्यार्पण के बाद जुलूस निकाला। इस दौरान शाम करीब चार बजे असामाजिक तत्वों ने आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस पर प्रतिमा तोड़ने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लोगों का गुस्सा कम नहीं हुआ।
इस बीच प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने महिलाओं के साथ मारपीट की। इस दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने कई सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की। बड़ी नहर पुल पर धरने पर बैठी महिलाएं मूर्ति को उसी स्थान पर लगाने की मांग पर अड़ी रहीं।
सूचना के बाद मौके पर पहुंचे एएसपी अमित राय ने भी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि मैकूपुर गांव निवासी एक महिला के इशारे पर पुलिस ने प्रतिमा तुड़वाई है। मौके पर सीओ गोला रमेश तिवारी, नायब तहसीलदार भानु प्रताप सिंह, कानूनगो प्रेम सिंह समेत कई थानों की पुलिस मौजूद रही।