नई दिल्ली। जाम नगर हाउस स्थित नई दिल्ली एसडीएम के कार्यालय में तैनात तीन सिविल डिफेंस वॉलंटियर (नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक) करीब चार महीने से फर्जी कोविड चालान काटकर ठगी कर रहे थे। नई दिल्ली जिले की नार्थ एवेन्यू थाना पुलिस ने इन तीनों हरीश चंदर लेन निवासी सन्नी (19), यशवंत राठी (21) और लकी (20) को गिरफ्तार किया है। ये फर्जी चालान की राशि पेटीएम से लेते थे। इन्होंने चालान की रंगीन कॉपी भी छपवा रखी थी। कनॉट प्लेस समेत पार्क व गार्डन में ये चार महीने में 150 से ज्यादा लोगों को ठग चुके हैं। इनके मोबाइल की फोरेंसिक रिपोर्ट से वास्तविक फर्जीवाड़े का पता चलेगा।
नई दिल्ली जिला डीसीपी डॉ. ईश सिंघल के अनुसार, शकूरपुर निवासी प्रिंस (20) ने नार्थ एवेन्यू थानाध्यक्ष सहदेव तोमर को 31 दिसंबर को शिकायत दी थी कि वह दोस्त के साथ तालकटोरा गार्डन में बैठा था। खाकी यूनिफार्म में दिल्ली सिविल डिफेंस के तीन कर्मचारी आए और कहा कि वे एसडीएम कार्यालय से आए हैं। मास्क नहीं पहनने के लिए उन्होंने दोनों के दो-दो हजार का चालान कर दिए और रकम पेटीएम से देने को कहा। उन्होंने चार हजार रुपये आरोपियों के पेटीएम खाते में डाल दिए। संदेह होने पर उसने शिकायत पुलिस में की।
जांच में पता लगा कि पेटीएम एकाउंट चंदर माथुर लेन निवासी दिनेश सिंह के नाम है। एसडीएम ऑफिस से जांच में पता लगा कि मोबाइल नंबर कार्यालय में दिनेश के नाम रजिस्टर्ड है। चालान कॉपी से पता लगा कि ये चालान फर्जी हैं। जांच के बाद एसआई विजयपाल की टीम ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। इन्होंने कोविड चालान की कॉपी मोबाइल में लोड कर रखी थी। इससे एक रंगीन चालान कॉपी छपवा ली। ठगी की रकम ये आपस में बांट लेते थे।
हाल ही में मसूरी घूमकर आए थे
आरोपी हर रोज काफी चालान कर रहे थे। इससे वे मोटी रकम कमा रहे थे। तीनों हाल ही में मसूरी घूमने गए थे और कल ही दिल्ली लौटे थे। पुलिस ने तीनों के मोबाइल जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी कर ली है।