-ट्रेड फेयर में जंगल की सैर और प्राकृतिक वातावरण का अनुभव ले रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बच्चों के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। उन्हें आभासी वास्तविकता (वर्चुअल रियलिटी) वीआर टेक्नोलॉजी के जरिए रोमांचक खेल बिल्कुल फ्री में खिलाए जा रहे हैं। मेले में लगा यह गेम जोन बच्चों की पहली पसंद बन गया है।
सबसे ज्यादा भीड़ फॉरेस्ट एक्सपीरियंस सेक्शन में देखने को मिल रही है, जहां छात्र वर्चुअल रियलिटी के जरिए जंगल की सैर, जंगली जानवरों के दर्शन और प्राकृतिक वातावरण का बेहद वास्तविक अनुभव ले रहे हैं। इस तकनीक के माध्यम से बच्चे सीखने और मनोरंजन दोनों का आनंद एक साथ उठा रहे हैं।
शिक्षकों का कहना है कि यह अनुभव बच्चों के लिए शैक्षणिक रूप से भी उपयोगी है, क्योंकि इससे वे प्रकृति संरक्षण और वन्यजीवन के महत्व को दिलचस्प तरीके से समझ पा रहे हैं। वहीं माता-पिता के मुताबिक, ट्रेड फेयर में इस बार बच्चों के लिए ऐसे आकर्षण होने से मेले का आनंद और भी बढ़ गया है। फ्री गेम जोन, आधुनिक तकनीक और सीख से भरे इस अनोखे सेटअप ने बच्चों और छात्रों के बीच मेले को इस बार का सबसे पसंदीदा आउटिंग स्पॉट बना दिया है।