-शालीमार बाग के हैदरपुर में राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय में हुआ आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को शालीमार बाग के हैदरपुर में राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय में कन्या पूजन का आयोजन कर नन्हीं देवियों का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने बालिकाओं के चरण छूए, उनके माथे पर तिलक लगाया और मौली बांधी। उन्होंने कहा कि इन नन्हीं देवियों में ही मां का स्वरूप बसता है। इनकी मुस्कान में भविष्य की रोशनी है, यही हमारी सच्ची शक्ति हैं। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक बच्ची से संवाद कर उनके सपनों को सुना, जिसमें कुछ बच्चियों ने डॉक्टर, शिक्षक, पुलिस अधिकारी या आईपीएस बनने की इच्छा जाहिर की। ऐसे में उन्होंने सरकार की हौसलों की उड़ान योजना का जिक्र किया, जिसके तहत प्रतिभावान बच्चों को उनकी कला और क्षमता को निखारने के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने नवरात्रि को नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक बताते हुए कहा कि बेटियां समाज और राष्ट्र की आधारशिला हैं। उनके सशक्तिकरण के बिना प्रगति असंभव है। उन्होंने कन्या पूजन की परंपरा को भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग बताते हुए जोर दिया कि बेटियों को शिक्षा, समान अवसर और सुरक्षित वातावरण देकर ही देश का भविष्य उज्ज्वल बनाया जा सकता है।