नई दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को कोरोना के टीके लगवाए। मुख्यमंत्री माता-पिता के साथ वैक्सीन लेने के लिए लोकनायक अस्पताल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने वैक्सीन की पहली डोज ली। टीकाकरण के बाद केजरीवाल ने पात्र लोगों सेे आगे बढ़कर टीका लगवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वैक्सीन को लेकर पहले जितनी शंकाएं थीं, अब खत्म हो चुकी हैं।
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि मुख्यमंत्री को कोविशील्ड वैक्सीन दी गई है। वहीं, उपराज्यपाल अनिल बैजल ने भी पत्नी के साथ तीरथ राम शाह अस्पताल में वैक्सीन लगवाई। इस दौरान एलजी ने लोगों से टीकाकरण में भाग लेने की अपील की।
अस्पताल में वैक्सीन लगवाने के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम लगातार केंद्र सरकार के संपर्क में है और उसके दिशा-निर्देश के अनुसार काम कर रहे हैं। अगर टीकाकरण केंद्र बढ़ाने की जरूरत पड़ती है तो बढ़ा दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पात्र लोग आगे आकर वैक्सीन जरूर लगवाएं। कोरोना से छुटकारा पाने के लिए अब वैक्सीन उपलब्ध है। अपने माता-पिता के साथ उन्होंने भी टीके लगवाए हैं और किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई। अस्पताल की सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां सभी तरह की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो टीकाकरण के लिए जागरूकता अभियान भी चलाएंगे। सीएम ने यहां तक कहा कि दिल्ली सरकार के सभी मंत्री भी वैक्सीन लगवा रहे हैं।