नई दिल्ली। हरिनगर इलाके में बैंक के ड्रॉप बाक्स से चेक चोरी कर पैसे निकाले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने बैंक प्रबंधन से इसकी शिकायत की। जांच में पता चला कि चेक जारी करने वाले शख्स के खाते से पैसे निकाले जा चुके हैं लेकिन उस व्यक्ति के खाते में पैसा नहीं पहुंचा, जिसके नाम से चेक जारी किया गया था। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक बदमाश बैंक के ड्राप बाक्स से चेक चोरी करता दिख रहा है। बैंक प्रबंधन की शिकायत पर हरिनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
11 जनवरी को हरिनगर स्थित एक निजी बैंक के प्रबंधक ने हरिनगर थाने में चोरी की शिकायत की। जिसमें बताया कि 7 दिसंबर को उसके एक ग्राहक ने कहा कि उन्होंने 11 नवंबर को एक संस्था के नाम से 1.68 लाख का चेक बैंक के ड्रॉप बाक्स में डाला था। चेक की रकम उसके खाते से निकल गई लेकिन संस्था के खाते में नहीं पहुंची।
बैंक प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ड्रॉप बाक्स के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला। 12 नवंबर को एक शख्स को बाक्स से किसी औजार की मदद से चेक को निकालते हुए देखा गया। बैंक प्रबंधन ने आरोपी की फुटेज को पुलिस को सौंपा है। पुलिस उस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।