दिल्ली- एनसीआरवासियों को बृहस्पतिवार को हल्की बारिश की वजह से गर्मी से निजात मिल सकती है। अगले 24 घंटों में तेज हवा चलने के साथ शाम तक बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके बाद सप्ताह के अंत तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।
प्रादेशिक मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से चार काम 36.6 व न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच कम 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में हवा में नमी का अधिकतम स्तर 91 फ़ीसदी और न्यूनतम स्तर 38 फ़ीसदी रहा। दिल्ली के विभिन्न इलाकों की बात करें तो पालम में अधिकतम तापमान 35.8, लोदी रोड में 36.2, आया नगर में 36.8, गुरुग्राम में 35.7, नजफगढ़ में 33.8 और पीतमपुरा में 34. 1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में दिल्ली में बदरा छाए रह सकते हैं। शाम तक तेज हवा चलने के साथ हल्की बारिश भी दर्ज हो सकती है। इससे अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक बने रह सकता है। एक दिन पहले ही न्यूनतम तापमान पिछले चार सालों में सबसे कम दर्ज किया गया था।