नई दिल्ली। सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों के ग्यारहवीं व बारहवीं के बच्चे अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रयोग से कोविड, स्वास्थय सेवा, जलवायु जैसी चुनौतियों से निपटना सीखेंगे। दरअसल सीबीएसई ने आईटी कंपनी आईबीएम के साथ मिलकर सीबीएसई आईबीएम एडटेक यूथ चैलेंज 2020-21 प्रतियोगिता शुरू की है। विजेता पांच टीमों को देश की नामी लैब में इंटर्नशिप का मौका मिलेगा।
हाल ही में बोर्ड ने देश के 200 हाई स्कूलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पढ़ाई के लिए तकनीकी कंपनी आइबीएम से समझौता किया है। बोर्ड का कहना है कि प्रतियोगिता में भाग लेने से छात्रों को चुनौतियों से निपटने में मदद मिलेगी। इसमें भागीदारी शिक्षक और छात्रों की टीम के रूप में हो सकती है।
पहले चरण में छात्रों को एआई अवधारणा पर छह घंटे की ऑनलाइन ट्रेनिंग से गुजरना होगा और वह जिस समस्या को हल करना चाहते हैं, उस पर अपने विचार प्रस्तुत करने होंगे। खासकर वर्तमान परिदृश्य में जिन समस्याओं के समाधान की आवश्यकता है। उदाहरण के लिए कोविड, जलवायु स्वास्थ्य सेवाएं, जल व कृषि।
ऑनलाइन ट्रेनिंग भाग लेने वाले स्कूलों में आयोजित की जाएगी। यहां से प्रत्येक स्कूल से दो आइडिया अगले राउंड के लिए जाएंगे। दूसरे स्तर में प्रोजेक्ट पर विचार के लिए आईबीएम विशेषज्ञों के विचार सत्र में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। तीसरा स्तर हैकथॉन का होगा। प्रतियोगिता के लिए पांच अक्तूबर तक https://bit.ly/AIprogramregistration के माध्यम से पंजीकरण कराया जा सकता है।