नई दिल्ली। द्वारका जिले के उत्तम नगर इलाके में वर्दी में मौजूद एक सिपाही की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को पूर्व बॉडी बिल्डर रिंकू गुप्ता व उसके सहयोगियों अश्वनी और काकू के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट का मामला दर्ज किया है। साथ ही पुलिस ने आरोपी के भाई भाजपा नेता संजय गुप्ता को प्रदान पीएसओ भी वापस ले लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वायरल वीडियो एक अप्रैल का है।
बुधवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें कुछ लोग दिल्ली पुलिस के सिपाही की पिटाई करते नजर आ रहे हैं। सिपाही को पीटने वाले की पहचान रिंकू गुप्ता के रूप में हुई, जो पूर्व बॉडी बिल्डर है और ओम विहार मेें जिम चलाता है। रिंकू गुप्ता, स्थानीय भाजपा नेता संजय गुप्ता का भाई बताया जा रहा है। इस वीडियो के संज्ञान में आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दे दिए। पता चला कि वीडियो एक अप्रैल का है। पिट रहा सिपाही सुशील है जो रिंकू के भाई का पीएसओ रह चुका है। किसी बात को लेकर रिंकू अपने ओम विहार स्थित कार्यालय में उसकी पिटाई कर रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो वायरल होने के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
भाजपा नेताओं ने पुलिस वाले को दफ्तर में बुलाकर पीटा: दुर्गेश पाठक
नई दिल्ली। बीते दिनों पुलिसकर्मी की पिटाई के वायरल हुए वीडियो को लेकर आप नेता दुर्गेश पाठक ने भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता संजय गुप्ता के दफ्तर में उनके भाई रिंकू गुप्ता ने पुलिसकर्मी की पिटाई है। दुर्गेश पाठक का कहना है कि भाजपा नेताओं की गुंडागर्दी इतनी बढ़ गई है कि उन्होंने पुलिस वाले को अपने दफ्तर में बुलाकर पीटा है। पाठक ने कहा कि यदि दिल्ली पुलिस ही सुरक्षित नहीं होगी तो जनता किस प्रकार सुरक्षित रहेगी। यह बहुत शर्म की बात है कि भाजपा के पार्षद भ्रष्टाचार के साथ गुंडागर्दी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी को अपने दफ्तर में बुलाकर पीटने की संस्कृति तो आज तक नहीं देखी गई थी। पाठक ने कहा कि आशा है कि दिल्ली पुलिस, भाजपा के दबाव में नहीं आएगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।