अलीपुर के बख्तावरपुर गांव के पास की घटना, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अलीपुर के बख्तावरपुर गांव के पास शनिवार की देर रात तेज रफ्तार कैब ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर लगने के बाद कैब सड़क किनारे एक पेड़ से लटक गई।
घटना के बाद कार चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने घायल को पास के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पीड़ित का इलाज चल रहा है। पुलिस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी पहचान कर रही है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के मुताबिक तेज रफ्तार कैब ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार उछलते हुए पीपल के पेड़ की टहनियों से लटक गई। कार पल्ला गांव की तरफ से बख्तावरपुर की ओर जा रही थी। वहीं अकबरपुर माजरा का रहने वाला देव शर्मा बाइक से घर लौट रहा था। गढ़ी टांडा के कब्रिस्तान के सामने अचानक तेज रफ्तार कैब ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है।