राजधानी दिल्ली के मोती नगर इलाके में कारोबारी ने तकनीक की मदद से घर बैठे फैक्टरी में चोरी कर रहे एक चोर को पुलिस से पकड़वा दिया। कारोबारी फैक्टरी में लगे सीसीटीवी कैमरे का लिंक अपने मोबाइल पर ले रखा था। देर रात बदमाश को फैक्टरी में देखकर उसने पुलिस को इसकी सूचना दे दी।
बदमाश फैक्टरी से काफी मात्रा में पीतल का सामान लेकर भागने का प्रयास कर रहा था। पुलिस मामला दर्ज कर बदमाश से पूछताछ कर रही है। सुभाष नगर निवासी नवदीप का नजफगढ रोड पर खराद की फैक्टरी है। बृहस्पतिवार देर रात वह अपने मोबाइल पर फैक्टरी में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रहा था।
इसी दौरान उसने एक कैमरे में किसी अनजान व्यक्ति को फैक्टरी में देखा। 30 मई को उसकी फैक्टरी में चोरी हुई थी, इसलिए वह अपने पिता जगदेव सिंह को इस बात की जानकारी दी और 112 नंबर पर पुलिस को फैक्टरी में चोर होने की सूचना दे दी।
उसके बाद दोनों पिता-पुत्र घर से फैक्टरी के लिए रवाना हुए। इनके फैक्टरी पहुंचने से पहले वहां पुलिस पहुंच चुकी थी और पुलिस ने फैक्टरी को घेर रखा था। फैक्टरी के भीतर की तलाशी के दौरान पुलिस को एक युवक मिला, जो चोरी करने के नीयत से फैक्टरी में घुसा था।