परिवार का आरोप- कोर्ट में सुनवाई से पहले की गई तोड़फोड़
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दक्षिण दिल्ली के सैनिक फार्म में शुक्रवार तड़के डीडीए ने एक कोठी पर कार्रवाई की। परिवार का कहना है कि कुछ ही घंटों बाद कोर्ट में सुनवाई होनी थी, फिर भी टीम ने तोड़फोड़ शुरू कर दी।
सैनिक फार्म इलाके में शुक्रवार सुबह एक कोठी पर डीडीए की टीम पहुंची और तड़के करीब 4 बजे कार्रवाई शुरू कर दी। टीम के साथ सात बुलडोजर और सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस व अर्धसैनिक बल मौजूद रहे। परिवार का कहना है कि कार्रवाई इतनी अचानक थी कि घर के सभी लोग सो रहे थे और उन्हें सामान निकालने के लिए कहा गया। कोठी मालिक जोहरा शेरवानी ने कहा कि इस जमीन का मालिकाना हक उनके पास पिछले 30 साल से है और परिवार करीब 20 साल से यहां रह रहा है। अब डीडीए इसे अवैध बताते हुए कार्रवाई कर रहा है। परिवार के एक सदस्य ने बताया कि डीडीए ने 13 अक्तूबर को नोटिस दिया था, जिसके बाद मामला कोर्ट में चल रहा है। शुक्रवार सुबह साढ़े 10 बजे इस मामले की सुनवाई तय थी। उनका दावा है कि कोर्ट ने डीडीए के वकील से कहा था कि फिलहाल प्रॉपर्टी को हाथ न लगाया जाए। परिवार का कहना है कि अंदर बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग थे लेकिन डीडीए टीम ने उनकी स्थिति को देखते हुए भी कार्रवाई नहीं रोकी। वे इस पूरे मामले को अब दोबारा कोर्ट में उठाने की तैयारी कर रहे हैं। डीडीए के अधिकारियों ने कार्रवाई को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।