पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में एक प्रेमिका ने प्रेमी का मोबाइल क्या ब्लॉक किया आरोपी ने आग बबूला होकर प्रेमिका की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका की शिनाख्त रानी (33) के रूप में हुई। आरोपी ने न्यू अशोक नगर के होटल के कमरे में वारदात को अंजाम दिया।
होटल प्रशासन से सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। बाद में आरोपी गंगाराम उर्फ सन्नी (35) को गिरफ्तार कर लिया गया। रानी और गंगाराम पहले से शादीशुदा हैं। वहीं मामले में होटल संचालक से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
आरोपी ने लॉकडाउन के दौरान कैसे अपना होटल खोला हुआ था। पुलिस का कहना है कि उसके खिलाफ भी डीडीएमए गाइड लाइन के नियम तोड़ने के तहत कार्रवाई की जाएगी। बाकी उससे पूछताछ जारी है। पुलिस वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक रानी अपने परिवार के साथ 28-ब्लॉक, त्रिलोकपुरी में रहती थी। रानी शादीशुदा थी उसके पति व बच्चे पहले से हैं। वह आसपास की सोसायटी में घरेलू सहायिका की नौकरी करती थी। वहीं आरोपी गंगाराम भी रानी के घर के पास ही रहता है, वह ई-रिक्शा चालक है।