नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा सीट से भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा (63) का शव बुधवार सुबह उनके दिल्ली स्थित सरकारी आवास में संदिग्ध हालत में फंदे पर लटका मिला। पुलिस का कहना है कि उन्होंने रस्सी से अपने बेडरूम में पंखे से फांसी लगाई है। बेडरूम का दरवाजा अंदर से बंद था। मौके से न तो सुसाइड नोट मिला है और न ही खुदकुशी के कारणों का पता चला है। उनके कमरे से काफी मात्रा में दवाइयां मिली हैं। नई दिल्ली जिले की नार्थ एवेन्यू थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर, भाजपा नेता रामनाथ पांडेय व एक राज्यसभा सांसद आदि नेता उनके आवास पर पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को दे दिया। डॉक्टरों ने भी खुदकुशी करने की ओर इशारा किया है। परिजन देर रात शव लेकर हिमाचल के लिए रवाना हो गए।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि सांसद रामस्वरूप शर्मा का आरएमएल अस्पताल के सामने स्थित सांसद फ्लैट्स आवास गोमती अपार्टमेंट में बी- 203 में सरकारी आवास है। वह संसद सत्र में शामिल होने के लिए दिल्ली आते थे और अपने आवास पर पीए सुनील भारद्वाज व कुक लालचंद उर्फ लालू के साथ रुकते थे। गत सोमवार को वह संसद सत्र में शामिल होने के लिए दिल्ली आए थे। वह सुबह 6.30 बजे उठ जाते थे। बुधवार सुबह नहीं उठे तो सुनील ने उनके कमरे का दरवाजा खटखटाया। वह नहीं उठे तो थोड़ी देर बाद फिर दरवाजा खटखटाया, लेकिन फिर भी कोई हरकत नहीं हुई। इसके बाद सुनील ने सांसद के मोबाइल पर फोन किया। फोन भी नहीं उठा तो सुनील ने सुबह 8.30 बजे पुलिस को सूचना दी।
नार्थ एवेन्यू थानाध्यक्ष सहदेव तोमर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर प्रवेश किया। वहां सांसद रामस्वरूप शर्मा पंखे से लटके हुए थे। आनन-फानन उन्हें आरएमएल अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में लग रहा है कि सांसद ने बेड पर कुर्सी रखी और फिर रस्सी पंखे पर डालकर लटक गए। कुर्सी को उन्होंने पैरों से गिरा दिया। कुर्सी बेड पर पड़ी मिली है।
परिजनों से होगी पूछताछ
नई दिल्ली जिले के डीसीपी डॉ. ईश सिंघल का कहना है कि सांसद के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और न ही अभी तक खुदकुशी के कारणों का पता चला है। दिल्ली पुलिस प्रवक्ता चिन्मय बिश्वाल का कहना है कि परिजनों से पूछताछ के बाद ही खुदकुशी के कारणों का पता चल सकेगा।
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
दिल्ली पुलिस के कंट्रोल रूम में बुधवार सुबह सांसद के शव मिलने की सूचना से सुरक्षा एजेंसियों में अफरातफरी मच गई। नई दिल्ली जिले के संयुक्त पुलिस आयुक्त जसपाल सिंह, स्पेशल सेल के विशेष पुलिस आयुक्त नीरज ठाकुर, आईबी व सिक्योरिटी यूनिट के वरिष्ठ पुलिस अफसर मौके पर पहुंच गए। कुछ समय के लिए पूरा इलाका सील कर दिया गया था।
लोकसभा अध्यक्ष को रिपोर्ट सौंपी
इस मामले की रिपोर्ट लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने तलब की थी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि नई दिल्ली जिले के संयुक्त पुलिस आयुक्त जसपाल सिंह ने गुपचुप तरीके से रिपोर्ट सौंप दी है।
हर बैठक में होते थे शामिल
सांसद के परिचित ने बताया कि संसद सत्र के दौरान हर बुधवार को भाजपा की संसदीय दल की बैठक होती है। सांसद रामस्वरूप शर्मा हर बैठक में जाते थे और इस कारण वह बुधवार को जल्दी उठ जाते थे। उनकी मौत के बाद संसदीय दल की बैठक को रद्द कर दिया गया।