नई दिल्ली। प्रदेश भाजपा ने दिल्ली में अलग-अलग क्षेत्रों में सेनिटाइजेशन व स्वच्छता अभियान शुरू किया है। इसके साथ ही भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी के नेतृत्व में यूथ वेलफेयर एसोसिएशन ने घर में क्वारंटीन कोविड मरीजों के लिए भोजन भेजने की शुरुआत की है। सांसद गौतम गंभीर ने कोविड मरीजों के लिए पूर्वी दिल्ली के निगम अस्पतालों में ऑक्सीजन व मरीजों के लिए बेड की व्यवस्था की है।
विशेष सेनिटाइजेशन व स्वच्छता अभियान की शुरुआत करने के मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली पूरी तरह इस महामारी में स्वच्छ और सुरक्षित रहे। इसके लिए अभियान चलाया जा रहा है। जो होम क्वारंटाइन हैं उनसे संपर्क कर मोदी किट के माध्यम से चावल, आटा, दाल, आलू, तेल, मसाले के साथ ऑक्सीमीटर, दवा और मास्क का वितरण किया जा रहा है।
वेस्ट पटेल नगर से अभियान की शुरुआत के मौके पर गुप्ता ने आश्वासन दिया कि कर्फ्यू के दौरान किसी को भी अगर कोई जरूरत हो तो वह सीधा पार्टी के किसी भी सदस्य से संपर्क कर सकता है। प्रदेश प्रवक्ता बृजेश राय ने कहा है कि दिल्लीवासियों की सेवा में भाजपा कार्यकर्ताओं को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है। संक्रमण के भयावह होते रूप को देखते हुए हर कार्यकर्ता सेवा कार्य में लगा हुआ है।
उधर, विधानसभा नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा है कि दिल्ली सरकार ने कोरोना के सामने घुटने टेक दिए हैं। दिल्ली में दवाइयों की कालाबाजारी, अस्पतालों की मनमानी और टेस्टिंग का खेल चल रहा है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नाकाम साबित हुए हैं। सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग को भी मुख्यमंत्री लगातार खारिज कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 24 घंटे में 24 हजार नए मरीजों के आने के बाद अब यह साफ है स्थिति हाथ से निकल चुकी है। ऐसे में मुख्यमंत्री केजरीवाल ने दिल्ली को बचाने के लिए केंद्र से मदद की गुहार तो की है लेकिन साथ ही अपनी सरकार की नाकामी को भी पूरी तरह स्वीकार कर लिया है। अस्पतालों में बेड खाली हैं।
बिधूड़ी ने सवाल उठाया है कि अब तक कोरोना पर काबू पाने की कार्यवाही क्यों नहीं की गई। हालात को इतना खराब क्यों होने दिया गया। इस मुश्किल में भाजपा सरकार के साथ हर सहयोग करने को तैयार है।