नई दिल्ली। भाजपा नेता एससी वत्स ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के चुनाव को चुनौती दी है। वत्स ने अपनी याचिका में जैन पर भ्रष्ट तरीके अपना कर चुनाव जीतने का आरोप लगाया है। वत्स ने इस सीट पर हुए चुनाव को रद्द कर दोबारा चुनाव कराने की मांग की है। हाईकोर्ट ने इस याचिका पर जैन समेत सभी पक्षों को नोटिस जारी चार सप्ताह में जवाब मांगा है।
न्यायमूर्ति मुक्ता गुप्ता की एकल पीठ ने याचिका पर सोमवार को सत्येन्द्र जैन, निर्वाचन अधिकारी, मुख्य चुनाव अधिकारी और शकूर बस्ती विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले तीन अन्य उम्मीदवारों को नोटिस जारी किया है। पीठ ने इस मामले में नोटिस भेजे जाने और संयुक्त रजिस्ट्रार के समक्ष याचिका देने के लिए एक अक्टूबर और अदालत के समक्ष सुनवाई 15 दिसंबर के लिए सूचीबद्ध की है।
वत्स के वकील मनोज गोयल ने याचिका में आरोप लगाया है कि जैन ने अपने क्षेत्र के मतदाताओं को कैमरे, बेंच, तथा कुछ सोसाइटियों को एयर कंडीशनर्स और कंप्यूटर जैसे उपहार देकर उन्हें स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने से रोका। जैन के चुनाव को रद्द करने की मांग के साथ ही फरवरी 2020 में इस याची को विजयी घोषित करने का अनुरोध किया गया है, क्योंकि वह उपविजेता थे।