नई दिल्ली। राजधानी में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा की दिल्ली सरकार पर हमला बोला है। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि दिल्ली गैस चैंबर बन चुकी है, लेकिन सरकार प्रदूषण रोकने के ठोस उपाय करने के बजाय एक्यूआई के आंकड़ों में हेराफेरी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि दिवाली की रात पटेल नगर में एक्यूआई 1870 तक पहुंच गया था, जबकि अब भी कई इलाकों में इसका स्तर 500 के पार बना हुआ है।
सिविक सेंटर स्थित एमसीडी मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान नारंग ने कहा कि प्रदूषित हवा के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और महापौर प्रवेश वाही से पूछा कि सड़कों पर पानी का छिड़काव और धूल नियंत्रण के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। नारंग ने मॉनिटरिंग स्टेशनों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जहांगीरपुरी के मॉनिटरिंग स्टेशन पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है, जिससे वास्तविक प्रदूषण स्तर प्रभावित हो सकता है। उनका यह भी दावा था कि दिवाली के दिन कई मॉनिटरिंग स्टेशन बंद थे और नए स्टेशन भी हरियाली वाले इलाकों में लगाए गए हैं। उन्होंने इसे प्रदूषण के वास्तविक आंकड़े सामने आने से रोकने की कोशिश बताया। ब्यूरो