-दक्षिण पश्चिम दिल्ली के किशनगढ़ स्थित आउटर रिंग रोड पर हुआ हादसा, कार चालक भाग गया
-दूसरे घायल युवक का सफदरजंग अस्पताल में चल रहा इलाज, टक्कर लगते ही उतरे दोनों युवकों के हेलमेट
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण पश्चिम दिल्ली के किशनगढ़ स्थित आउटर रिंग रोड पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी। गंभीर हालत में दोनों को सफदरजंग और एम्स ट्रामा सेंटर ले गए। इलाज के दौरान एक ने दम तोड़ दिया। युवक की शिनाख्त चंदानंद कालोनी, भलस्वा डेयरी निवासी आदिल (21) के रूप में हुई है। वहीं घायल शकूरपुर गांव निवासी अली राजा (28) का इलाज जारी है।
पुलिस के मुताबिक आदिल व अली राजा दोनों दोस्त हैं और कोल्ड स्टोर का काम करते हैं। बृहस्पतिवार दोपहर दोनों बाइक से आउटर रिंग रोड होते हुए महरौली की ओर जा रहे थे। बाइक आदिल चला रहा था। दोनों ने हेलमेट भी लगाए हुए थे। इस बीच जिया सराय के पास मुनिरका फ्लाईओवर से नीचे उतारते समय कार ने पीछे से टक्कर मार दी। बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए। इस दौरान इनके सिर से हेलमेट भी उतर गए। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।