ईडी कार्यालय में आत्मदाह की कोशिश
नई दिल्ली। देश के सबसे बड़े हवाला कारोबारी नरेश चंद जैन का पोता आयुष जैन भी केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के रडार पर है। सोमवार को आयुष को पूछताछ के लिए बुलाया गया तो उसने पानी की बोतल में लाया गया पेट्रोल खुद पर उड़ेल लिया और आत्मदाह का प्रयास किया। ईडी अधिकारियों ने आनन-फानन में दिल्ली पुलिस को सूचना दी। दिल्ली पुलिस ने आयुष की आरएमएल में जांच कराने के बाद सरकारी काम में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। आयुष को मंगलवार शाम तक गिरफ्तार नहीं किया गया था।
ईडी ने देश के सबसे बड़े हवाला कारोबारी बताए जा रहे नरेश चंद्र जैन को सितंबर में गिरफ्तार किया था। उसके विदेश में 300 व देश में 600 से ज्यादा बैंक खाते बताए जा रहे हैं। उसने सिंगापुर, हांगकांग, दुबई समेत 20 देशों में फर्जी दस्तावेज के सहारे बैंक खाते खुलवाए थे। जांच में 450 शैल कंपनियों के बारे में पता लगा था। बताया जा रहा है कि यह मामला 90 हजार करोड़ की मनी लांड्रिंग का है। नरेश जैन के बेटे विमल जैन को नवंबर में गिरफ्तार किया गया था। ईडी ने इसमें हाल ही में एक और मामला दर्ज किया है।
हाल ही में दर्ज मामले में ईडी ने नरेश के पोते आयुष जैन को खान मार्केट स्थित कार्यालय में सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पूछताछ के लिए बुलाया। शाम करीब साढ़े सात बजे आयुष ने पानी की बोतल में लाया गया पेट्रोल खुद पर उड़ेल लिया। इसके बाद उसने लाइटर से खुद को आग लगाने की कोशिश की। ईडी के अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया। रात करीब साढ़े नौ बजे सूचना दिल्ली पुलिस को दी गई। नई दिल्ली जिले के तुगलक रोड थाने में आयुष के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
अंतरराष्ट्रीय हवाला कारोबारी और ड्रग्स माफिया है नरेश
ईडी अधिकारियों के अनुसार, नरेश जैन अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाला कारोबारी और ड्रग्स माफिया है। यूके, दुबई, इटली, जर्मनी समेत भारत की पुलिस और जांच एजेंसियां तलाश कर रही थीं। आरोप है कि नरेश जैन 90 हजार करोड़ रुपये देश में घुमा चुका है और 15 हजार करोड़ रुपये विदेश भिजवा चुका है।