कारोबारी को जान से मारने की धमकी देकर मांगे एक करोड़
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। फतेहपुर बेरी इलाके में खुद को बिल्लू दुजाना गैंगस्टर बताकर कारोबारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। 29 अक्तूबर को आरोपी ने पीड़ित के मोबाइल पर कई बार कॉल और एसएमएस कर रुपयों की मांग की। इस बीच सोमवार शाम को आरोपियों ने पीड़ित के सीमेंट गोदाम पर गोलियां चला दीं। गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कारोबारी का आरोप है कि उसने कॉल आने के बाद ही पुलिस को इस संबंध में शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नही हुई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पूरे मामले की जांच कराने की बात कर रहे हैं।
पीड़ित ऋषिराज खटाना परिवार के साथ आया नगर, फतेहपुर बेरी इलाके में रहते हैं। उनका सीमेंट का बड़ा कारोबार है। 29 अक्तूबर को उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉलर ने खुद को बिल्लू दुजाना बताकर ऋषिराज से एक करोड़ की मांग की। रुपये न देने पर गोली मारने की धमकी दी गई। आरोपियों ने 29 अक्तूबर को कई बार पीड़ित को कॉल की। आरोपी ने पीड़ित से कहा उसका पता गूगल से कर ले कि वह कितना बड़ा बदमाश है। इस बीच सोमवार शाम सवा पांच बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसके गोदाम के गेट पर तीन राउंड गोलियां चला दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को घटना स्थल से दो खोखे बरामद हुए।