कोरोना के नए वैरिएंट फिक्रमंद दिल्ली को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भरोसा दिलाया है कि ओमिक्रॉन से घबराने की जरूरत नहीं है। दिल्ली सरकार हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। दिल्ली में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन, बेड्स, दवाइयों और उपकरण का इंतजाम कर रखा है। खुद मुख्यमंत्री इस पर नजर बनाए हुए हैं। केजरीवाल की अपील है कि चिंता करने की जगह दिल्लीवाले सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। जरूरत पड़ने पर घर से बाहर निकलें और मास्क अवश्य पहनें।
अरविंद केजरीवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कोराना का नया वेरिएंट ओमिक्रॉन देश में प्रवेश कर गया है। कई जगह से खबरें आ रही हैं कि वहां ओमिक्रॉन के मरीज पाए गए। दिल्ली के अंदर भी एक मरीज इस वैरिएंट से संक्रमित है। केजरीवाल के मुताबिक, किसी को पैनिक करने की कोई जरूरत नहीं है। घबराने की कोई जरूरत नहीं है। वह खुद इस पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि पिछले हफ्ते उन्होंने समीक्षा बैठक की थी। ऑक्सीजन है, बेड्स हैं, दवाइयां हैं, उपकरण हैं, जिस भी चीज की जरूरत हैं, उसे हम पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराएंगे। आप चिंता न करें, बस आप अपना काम करते रहें। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, मास्क पहनना बिल्कुल न भूलें। मास्क सबसे जरूरी है। घर से बाहर निकलें, तो अवश्य मास्क पहनें।
कोविड के मद्देनजर दिल्ली का हेल्थ इंफ्रा
. 64-65 हजार बेड्स बनाने की तैयारी।
. 30 हजार ऑक्सीजन बेड्स तैयार, इसमें 10 हजार आईसीयू बेड भी।
. फरवरी तक 6800 आईसीयू बेड और होंगे तैयार।
. दो हफ्ते की नोटिस पर हर वार्ड में बन जाएंगे 100-100 ऑक्सीजन बेड।
. 32 तरह की दवाइयों का दो महीने का बफर स्टॉक।
. 442 मीट्रिक टन ऑक्सीजन भंडारण की अतिरिक्त क्षमता।
. 121 मीट्रिक टन ऑक्सीजन बननी चालू।
. टेलीमेट्री डिवाइस लगने से ऑक्सीजन टैंक की रियल टाइम मॉनीटरिंग।
. दो बॉटलिंग प्लांट्स से हर दिन भरे जाएंगे 2900 सिलेंडर।
. 15370 डॉक्टर, नर्सेज, मेडिकल स्टूडेंट्स और पैरामेडिक्स को दिया प्रशिक्षण।
. पांच हजार हेल्थ असिस्टेंट भी जरूरत पड़ने पर करेंगे मदद।
. होम आइसोलेशन को और मजबूत कर रही केजरीवाल सरकार।
. कोविड हेल्पलाइन नंबर 1031 की ले सकते हैं मदद।