दिल्ली हाईकोर्ट बार एसोसिएशन (डीएचसीबीए) ने लॉकडाउन में दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले वकीलों को दिल्ली के बॉर्डर पार करने के लिए हाईकोर्ट से अनुमति मांगी है। अदालत को भेजे पत्र में कहा गया है कि दिल्ली पुलिस के जवानों की तरह वकीलों को भी आईडी कार्ड के आधार पर प्रवेश की अनुमति दी जाए।
दिल्ली हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश डीएन पटेल को पत्र लिखकर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में रहने वाले वकीलों को दिल्ली में प्रवेश देने की अनुमति मांगी है।
डीएचसीबीए अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता मोहित माथुर ने पत्र में कहा कि एनसीआर में रहने वाले कुछ वकीलों के पास उनके घरों पर वाईफाई और कंप्यूटर जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं, जिससे वे वीडियो कांफ्रेंसिंग से मामलों की सुनवाई में शामिल हो सकें। लॉकडाउन के कारण वकीलों को दिल्ली में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है, जिस कारण वे अपने कार्यालयों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।