नई दिल्ली। बजरंग दल ने रिंकू शर्मा की हत्या के मामले में रविवार को मंगोलपूरी में आक्रोश सभा का आयोजन किया। इसमें हत्यारों की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर फांसी देने की मांग की गई। सभा में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के कार्यकर्ता, संत समाज और कई नेता मौजूद थे।
इस दौरान विहिप कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि रिंकू शर्मा एक कर्ज हमारे ऊपर छोड़ गया है। हम उस माता के कर्ज को चुकाएंगे। एक नहीं, हजारों ऐसे बजरंगी उस परिवार की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने एस ब्लॉक चौक का नामकरण रिंकू शर्मा के नाम पर करने का प्रस्ताव रखा। साथ ही कहा कि कुछ लोग आरोपियों को बचाने में लगे हैं। अब तक सभी आरोपी पकड़े नहीं गए हैं। सीसीटीवी फुटेज में दिखे दर्जनभर महिला-पुरुषों को तीन दिन में गिरफ्तार किया जाए। दोषियों को 6 महीने के अंदर तिहाड़ में फांसी दी जाए।
अखिल भारतीय संत समिति के महामंत्री जितेंद्रानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि हिंदू समाज सहिष्णु है, लेकिन भीरू नहीं। दिल्ली सरकार अपराधियों को बचाने के लिए किस तरह खड़ी रहती है और दिल्ली पुलिस की चार्जशीट को दबाकर रखती है, यह हमने जेएनयू में देखा है। आर्य समाज प्रतिनिधि सभा के महामंत्री विनय आर्य ने कहा कि पुलिस ने ख्याला और विकासपुरी की घटनाओं में संज्ञान लिया होता तो रिंकू आज हमारे बीच होता। महंत नवल किशोर दास महाराज जी ने कहा कि यह श्रद्धांजलि सभा कम और आक्रोश सभा ज्यादा है।
विहिप दिल्ली प्रांत के अध्यक्ष कपिल खन्ना ने कहा कि दिल्ली से आतंकवाद को मिटाकर रहेंगे। बजरंग दल प्रांत संयोजक भारत बत्रा ने कहा कि अभिमन्यु की तरह 12 लोगों ने गद्दारी कर रिंकू की पीठ में छुरा घोंपा। विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि हत्याएं नहीं रुकीं तो प्रतिक्रिया होगी। सांसद हंसराज हंस ने सीएम के न पहुंचने पर सवाल उठाया। प्रांत उपाध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता के संचालन में हुई सभा में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष आदेश गुप्ता, विधायक विजेंद्र गुप्ता समेत कई नेता पहुंचे।
श्रद्धांजलि सभा में मौजूद रिंकू शर्मा की मां भाव विभोर हो गईं। बेटे के चित्र पर माल्यार्पण के दौरान वह मंच पर लड़खड़ा भी गईं। रिंकू की मां के साथ भाई व चचेरी बहन भी मौजूद रहे। रिंकू की मां ने मंच पर आकर सिर्फ इतना कहा कि मेरा बच्चा राम था और राम की तरह वीरता और जय श्रीराम बोलते हुए गया। मुझे इस बात का गर्व है।