अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में शामिल आईटीओ क्षेत्र में जल आपूर्ति को मजबूत करने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) एक बड़ी आधारभूत परियोजना शुरू करने जा रहा है। आईटीओ पंप हाउस परिसर में 16 लाख लीटर क्षमता का भूमिगत जल भंडारण टैंक बनाया जाएगा।
इस परियोजना पर करीब 1.99 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इसे चार महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए विभाग ने निविदा प्रक्रिया शुरू की है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के मुताबिक, यह परियोजना मध्य और मध्य-पूर्वी दिल्ली के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। आईटीओ इलाका न केवल ट्रैफिक का बड़ा केंद्र है, बल्कि यहां कई महत्वपूर्ण सरकारी दफ्तर, न्यायालय, मीडिया संस्थान और घनी आबादी वाले इलाके भी मौजूद हैं। ऐसे में यहां पानी की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रहा है। आईटीओ जैसे इलाकों में यदि सप्लाई कुछ घंटों के लिए भी बाधित हो जाए, तो इसका असर आसपास के बड़े क्षेत्र पर पड़ता है। पीडब्ल्यूडी के अनुसार, भूमिगत जल भंडारण टैंक बनने से पंप हाउस के पास पर्याप्त मात्रा में पानी हमेशा उपलब्ध रहेगा। इससे सप्लाई को नियंत्रित करने में आसानी होगी और अचानक मांग बढ़ने की स्थिति में भी पानी दिया जा सकेगा। अभी तक अधिकतर जगहों पर पानी की सप्लाई सीधे पाइपलाइन और पंपिंग पर निर्भर है। किसी तकनीकी खराबी, मरम्मत या बिजली की दिक्कत के चलते सप्लाई ठप हो जाती है। नया भूमिगत टैंक इस समस्या का समाधान करेगा। यह टैंक बैकअप सिस्टम के रूप में काम करेगा। यानी यदि किसी कारण से मुख्य सप्लाई बाधित होती है, तो जमा पानी का उपयोग कर इलाके में जल आपूर्ति जारी रखी जा सकेगी।