नई दिल्ली। आंबेडकर विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2021-22 में स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए चौथी कटऑफ के तहत आज से विद्यार्थी फीस जमा करा सकेंगे। साथ ही सीसीए व स्पोर्ट्स ट्रायल के लिए भी शुल्क का भुगतान कर सकेंगे।
दाखिले की फीस जमा कराने के लिए छात्रों के पास 3 नवंबर रात 11:59 बजे तक अवसर है। इसके बाद 5 नवंबर को पांचवीं कटऑफ जारी होगी। विवि की ओर से 28 अक्तूबर को चौथी कटऑफ जारी की गई थी। इसके लिए 29 अक्तूबर से दाखिला प्रक्रिया शुरू हुई थी।
चौथी कटऑफ में साइकोलॉजी ऑनर्स समेत अन्य प्रमुख कोर्स में सीटें फुल हो गई हैं, वहीं अन्य कोर्स में छात्रों के पास दाखिले के अवसर अब भी बचे हैं। चौथी कटऑफ के लिए दस्तावेज का सत्यापन करने की अंतिम तिथि 1 नवंबर थी। विवि ने बाहरी छात्रों की सुविधा को देखते हुए दस्तावेज का सत्यापन ऑनलाइन रखा है। दिल्ली के छात्रों को विवि पहुंचकर दस्तावेज का सत्यापन कराना है।