अमर उजाला’ के वरिष्ठ संवाददाता परीक्षित निर्भय को कोरोना महामारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने संबंधी उनकी श्रेष्ठ रिपोर्टिंग पर जर्मनी की संस्था मर्क फाउंडेशन के ‘मास्क अप विद केयर’ मीडिया अवार्ड्स 2021 से नवाजा जाएगा। विजेताओं की घोषणा बृहस्पतिवार को मर्क फाउंडेशन की ओर से की गई। अवार्ड के लिए अफ्रीकी, लैटिन अमेरिका और एशियाई देशों के लिए अलग-अलग श्रेणी बनाई गई थी। एशियाई देशों में भारत से परीक्षित का चयन करते हुए ‘अमर उजाला’ की खबरों को प्रथम स्थान दिया गया।
पुरस्कारों की घोषणा मर्क फाउंडेशन की सीईओ और ‘मर्क फाउंडेशन मोर देन ए मदर’ की अध्यक्ष डॉ. राशा केलेज ने अफ्रीकी फर्स्ट लेडीज के साथ की। उन्होंने कहा कि जागरूकता बढ़ाने, समुदायों को शिक्षित करने और प्रासंगिक व सटीक जानकारी प्रस्तुत करने में मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
एशियाई देशों में भारत के अलावा थाईलैंड, वियतनाम, सिंगापुर, जापान, इंडोनेशिया सहित कई देशों से भी आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से विजेताओं का चयन किया गया। कोविड महामारी से जुड़ी पत्रकारिता को लेकर परीक्षित को यह दूसरा अंतरराष्ट्रीय खिताब मिला है। इससे पहले साल 2021 में अमेरिका के इंटरनेशनल सेंटर फॉर जर्नलिस्ट्स (आईसीएफजे) की ओर से भी बेस्ट हेल्थ एंड इन्वेस्टिगेशन रिपोर्टिंग का अवॉर्ड मिला था।