चांदनी चौक मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से अखंड रामायण पाठ किया जा रहा है। सोमवार को शाम चार बजे अखंड पाठ शुरू हुआ। मंगलवार शाम को अखंड रामायण का पाठ पूरा होने के बाद यहां पर उत्सव मनाने की तैयारी है। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया जाएगा। इसी तरह से होली तक यहां पर प्रतिदिन उत्सव का आयोजन होता रहेगा।
चांदनी चौक हनुमान मंदिर के प्रमुख पुजारी अशोक शर्मा ने कहा कि पिछले तीन दिन से यहां पर भक्तों का तांता लगा हुआ है। लोग यहां आकर हनुमान जी का दर्शन कर आशीर्वाद पाना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि चांदनी चौक के व्यापारी वर्ग मंदिर के पुनर्निर्माण से खासा उत्साहित हैं। उनके सहयोग से ही मंदिर में उत्सव की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा स्थानीय महापौर ने भी उत्सव के लिये सहयोग की भावना व्यक्त की है। जरूरत पड़ने पर उनसे भी संपर्क किया जाएगा।
मंगलवार शाम को लगभग चार बजे अखंड रामायण का पाठ समाप्त होगा। इसके बाद मंदिर के सामने कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मंदिर के सामने टेंट लगेगा, सड़क को गुब्बारों व दूसरे सजावट के सामानों से सजाया जाएगा। यहां आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिये प्रसाद की व्यवस्था की जाएगी।