अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) ने कहा है कि सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों में सत्र 2020-21 के प्रवेश के लिए काउंसलिंग का पहला राउंड 15 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। पहले यह 30 जून तक पूरा होना था।
एआईसीटीई की 27 अप्रैल को हुई बैठक में इस बार शेड्यूल में थोड़ा बदलाव किया गया है। साथ ही कहा है कि पहले राउंड में अलॉट सभी सीटों पर दाखिला प्रक्रिया पूर्ण करना अनिवार्य होगा।
लॉकडाउन के कारण इस बार सिर्फ दो राउंड काउंसलिंग होगी और खाली सीटों के लिए एक और मौका मिलेगा। एआईसीटीई के सदस्य सचिव प्रो. राजीव कुमार ने सभी मान्यता प्राप्त संस्थानों को इस संबंध में सूचित कर दिया है।
दूसरे राउंड की काउंसलिंग 25 अगस्त तक पूरी होगी। पहले इसे 10 जुलाई तक पूरा किया जाना था। दो राउंड के बाद भी सीट खाली रहती है, तो 31 अगस्त तक दाखिला कर सकते हैं। पुराने छात्रों के लिए सत्र एक अगस्त से और नए छात्रों का सत्र एक सितंबर से शुरू होगा।
तकनीकी संस्थानों को मान्यता देने की तिथि बढ़ाने की अपील
एआईसीटीई ने सुप्रीम कोर्ट से तकनीकी संस्थानों को मान्यता देने का समय 15 जून तक बढ़ाने की अपील की है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत 30 अप्रैल तक मान्यता देने का काम पूरा करना होता है, लेकिन लॉकडाउन के कारण इस काम में देरी हुई है।