दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हवलदार के कोरोना पीड़ित होने के बाद बड़ा कदम उठाया है। स्पेशल सेल के 71 पुलिस वालों को क्वारंटीन कर दिया गया है। इन्हें दो होटलों में रखा गया है।
साथ ही सेल में कार्यरत 123 अफसरों व पुलिसकर्मियों का कोरोना टेस्ट कराया गया है। कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट 72 घंटे बाद आने की बात कही जा रही है। इस बात की जांच कर की जा रही है कि कोरोना संक्रमित हवलदार कहां-कहां गया था और किन-किन लोगों के संपर्क में आया था।
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के लोधी कॉलोनी स्थित कार्यालय में तैनात हवलदार अरुण चौधरी की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट सोमवार को पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सेल के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में ये बात सामने आई है कि हवलदार अरुण सेल में तैनात 30 पुलिस कर्मियों के सीधे संपर्क में आया था। बाकी पुलिसकर्मी इन 30 पुलिस वालों के संपर्क में आए थे। पूरी जांच के बाद सेल में कार्यरत 71 पुलिसकर्मियों को क्वारंटीन किया गया।