हौजखास थाना पुलिस ने अपनी ही लैब से 2.20 लाख रुपये चुराने वाले एकाउंटेंट को बहुत ही अनोखे ढंग से पकड़ा है। पुलिस ने लैब के सभी कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस को पता लगा कि लैब के एकाउंटेंट की पत्नी की डिलीवरी हुई और इसमें काफी पैसा खर्च हुआ है। कड़ी पूछताछ में आरोपी एकाउंटेंट ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर के अनुसार हौजखास स्थित सिटी स्कैन लैब के एकाउंट विभाग से 2.20 लाख रुपये चोरी होने की शिकायत 16 जून को हौजखास थाना पुलिस को मिली थी। लैब के मैनेजर ने संदेह व्यक्त किया था कि आरोपी लैब का ही कर्मचारी है, क्यों मेन गेट का ताला नहीं टूटा था।
मामला दर्ज कर हौजखास थानाध्यक्ष अक्षय कुमार की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने परंपरागत पुलिसिंग तरीके से जांच शुरू की। लैब के हर कर्मचारी से अलग से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उनके हावभाव देखे गए। सीसीटीवी कैमरों से भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा था।
कई राउंड की पूछताछ के बाद लैब के एकाउंटेंट रंजन(24) पर संदेह हुआ। जांच में पता लगा कि उसने हाल ही में नई मोटरसाइकिल खरीदी है और पत्नी की डिलीवरी पर 35 हजार रुपये खर्च किए हैं। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी की डिलीवरी होनी थी। ऐसे में उसे पैसे की जरूरत थी। ऐसे में वह 25 मई को ऑफिस आया और उसने 2.2 लाख रुपये चुरा लिए। पत्नी की डिलीवरी पर 35 हजार खर्च करने के अलावा 25 हजार में उसने मोटरसाइकिल खरीदी। 40 हजार रुपये की ज्वेलरी खरीदी।
17 हजार का नया टीवी खरीदा। 60 हजार से उसने कर्जा उतारा और 40 हजार रुपये उसने ओडिशा में रहने वाले पिता को भेज दिए थे। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के पैसे से खरीदी गई मोटरसाइकिल, ज्वेलरी, टीवी व म्यूजिक सिस्टम बरामद कर लिया है।