दिल्ली के ग्रीन पार्क इलाके में स्वचालित बहुस्तरीय कार पार्किंग का एक हिस्सा बुधवार को गिर गया था। दिल्ली पुलिस ने इस घटना के संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगा रही है।
वहीं दूसरी तरफ निगम ने बताया है कि स्वचालित कार पार्किंग में तकनीकी खराबी के कारण हादसा हुआ, जिसमें किसी प्रकार के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। छतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कॉन्ट्रैक्टर के माध्यम से कराई गई है। पार्किंग को फिर से चालू कर दिया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि इस घटना के संबंध में मंगलवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 336 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कार्य) और धारा 427 के तहत मामला दर्ज किया गया है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। संबंधित अधिकारियों से यदि चूक हुई है या पार्किंग के चालू होने के समय रख-रखाव व मरम्मत कार्य की कमी के कारण यह हादसा हुआ, इसका पता लगाया जा रहा है।
दक्षिणी निगम के महापौर मुकेश सूर्यन ने बताया कि ग्रीन पार्क में करीब 11 महीने से ऑटोमैटेड कार पार्किंग बिल्कुस सही तरीके से काम कर रही है। यहां प्लेटफॉर्म पर 136 कारें खड़ी की जाती हैं। तकनीकी खराबी के कारण आठवीं मंजिल पर टॉवर नंबर 3 का एक प्लेटफॉर्म गिर गया। इस हादसे में किसी चोट नहीं आई है और कोई हताहत नहीं हुआ है। कोई कार क्षतिग्रस्त नहीं हुई है। महापौर ने कहा है कि इस मामले में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।