दिल्ली सरकार के सर्वे में राजधानी की सड़कों की पोल खुल गई। आम आदमी पार्टी के 50 विधायक इंजीनियर के साथ जब जायजा लेने निकले तो उन्हें गड्ढे ही नहीं सड़कें खस्ताहाल भी दिखीं। विधायकों के 1260 किलोमीटर सड़कों के सर्वे में कुल 1897 रिपोर्ट दर्ज किए गए। हालांकि उनका दावा है कि सर्वे में गड्ढों की संख्या काफी कम है।
सड़कें खराब होने की 1181, कुल गड्ढों की संख्या 583 सर्वे में पाई गईं। 133 जगहों पर सड़कें टूटी- फूटी मिलीं। सर्वे के दौरान दिल्ली के विधायकों ने खराब सड़क व गड्ढे की तस्वीरें दिल्ली सरकार के एक एप पर डाली है। सरकार का कहना है कि पूरा डाटा तैयार होने के बाद सड़कों की मरम्मत का काम शुरू होगा। अगर किसी विभाग का काम चल रहा है तो काम पूरा होने तक का इंतजार किया जाएगा।
शनिवार को दिल्ली सरकार ने गड्ढा मुक्त सड़क का अभियान शुरू किया। 50 विधायकों की टीम दिल्ली की सड़कों पर पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों के साथ उतरी। मौके पर निर्देश दिया गया कि जल्द योजना बनाकर इसे दुरुस्त किया जाए। ताकि राजधानी गड्ढा मुक्त हो सके। विधायकों ने सड़कों की खराब स्थिति को सोशल साइट पर भी शेयर किया।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली सरकार के अधीन सड़कों पर रोज लाखों वाहन चलते हैं। इतने बड़े स्तर पर पहली बार सड़कों का निरीक्षण किया जा रहा है। इस अभियान के तहत सीमापुरी विधानसभा क्षेत्र में मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने भी सर्वे किया। शाहदरा रोड डिवीजन एम- 211 में आने वाली सड़कों का उन्होंने सर्वे किया।
इस मौके पर जहां भी गड्ढे और खराबी पाई गई उसे तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए। ग्रेटर कैलाश विधायक सौरभ भारद्वाज ने बताया कि एप के द्वारा हम टूटी सड़कों की फोटो और लोकेशन पीडब्ल्यूडी को भेज रहे हैं। पानी की समस्या से टूट रहीं सड़कों को कंक्रीट से बनाने के निर्देश दिए गए। तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह ने भी सोशल मीडिया पर बताया कि 25 किलोमीटर सड़कों का निरीक्षण किया। कुछ जगहों पर गड्ढों को ठीक करने का काम शुरू कर दिया गया है।
बदरपुर विधानसभा क्षेत्र से आप विधायक नारायण दत्त शर्मा इस अभियान से जुड़े। मंत्री इमरान हुसैन ने सर्वे के बाद तत्काल प्रभाव से सड़क को ठीक करने के निर्देश दिए। रोहतास नगर विधानसभा क्षेत्र में सरिता सिंह, करोल बाग विधानसभा क्षेत्र से विशेष रवि, तीमारपुर में पंकज पुष्कर ने भी सड़क का सर्वे किया।
बरसात में हुए गड्ढे भी ठीक होंगे
सरकार का कहना है कि बारिश के कारण कई गड्ढे सड़कों पर बन गए है। ऐसे गड्ढों को भी इस योजना के तहत ठीक किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा है कि बारिश से सड़कों पर जो असर होता है उससे किसी को असुविधा नहीं हो इसलिए यह अभियान चलाया जा रहा है।