अनुशासनहीन नेताओं पर कार्रवाई की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने एमसीडी के 12 वार्डों में होने वाले उपचुनाव में भितरघात करने वाले नेताओं पर सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार कुछ विधायक, पूर्व विधायक और स्थानीय स्तर के नेता या तो पार्टी उम्मीदवारों का समर्थन नहीं कर रहे हैं, या विरोधी दलों के प्रत्याशियों को चुपके से बढ़त दिलाने की कोशिश कर रहे हैं।
पार्टी ने ऐसे नेताओं की पहचान कर ली है और कई नेताओं पर गाज गिरेगी। आप ने शुरू में ही स्पष्ट कर दिया था कि उपचुनाव में टिकट केवल जमीनी कार्यकर्ताओं को ही दिया जाएगा। पैराशूट नेताओं और रिश्तेदारों को टिकट देने से पार्टी ने परहेज किया है। यही कारण है कि कई नेताओं के परिजन या पसंदीदा चेहरों को टिकट नहीं मिला, जिससे कुछ नेता नाराज चल रहे हैं। पार्टी के मुताबिक इसी नाराजगी का असर अब भितरघात के रूप में दिख रहा है। सूत्र बताते हैं कि सीलमपुर, वजीरपुर सहित कुछ अन्य इलाकों में पार्टी नेताओं की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पार्टी को जानकारी मिली है कि ये नेता आधिकारिक उम्मीदवारों का साथ देने से बच रहे हैं और विपक्ष के प्रत्याशियों की तरफ झुकाव दिखा रहे हैं। पार्टी ने यह भी साफ कर दिया है कि जीत-हार से ज्यादा उसके लिए संगठनात्मक अनुशासन महत्वपूर्ण है। इसलिए जो नेता पार्टी के खिलाफ काम करते पाए जाएंगे, उन पर कठोर कार्रवाई से पीछे नहीं हटा जाएगा।