नरेला औद्योगिक क्षेत्र के होलंबी कलां गांव की घटना, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नरेला औद्योगिक क्षेत्र के होलंबी कलां गांव में झगड़े का बदला लेने के लिए पड़ोसी ने दोस्तों के साथ मिलकर युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त विक्की थापा के रूप में हुई है। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि सोमवार रात नरेला औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को होलंबी कलां के जल बोर्ड कार्यालय के पीछे चाकूबाजी की सूचना मिली। सूचना देने वाले ने बताया कि चार पांच लोगों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया है, जिसमें युवक की हालत गंभीर है। पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हुई, इसी दौरान महर्षि वाल्मीकि अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि होलंबी कलां निवासी विक्की थापा को चाकू लगने के बाद मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है।
पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को पता चला कि मृतक विक्की रेहड़ी लगाकर चाइनीज खाना बेचता था। तीन दिन पहले उसका पड़ोस में रहने वाले मंगल से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। झगड़े का बदला लेने के लिए मंगल सोमवार रात अपने दोस्तों के साथ उसकी रेहड़ी पर पहुंचा। झगड़ा करने को लेकर आरोपी ने विक्की से हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी और उसके साथी विक्की पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर वहां से भाग गए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने चश्मदीद गवाहों का बयान दर्ज किया। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें मुख्य आरोपी मंगल की पहचान हुई। पुलिस ने तुरंत मंगल के घर पर दबिश दी लेकिन वह वहां नहीं मिला। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में आपसी विवाद में हत्या करने की बात सामने आई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।