विकासपुरी इलाके की घटना, पुलिस ने हमला करने वाले स्विगी कंपनी के दो डिलीवरी बॉय को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विकासपुरी इलाके में झगड़े में बीचबचाव करना एक युवक को भारी पड़ गया। झगड़ा कर रहे तीन युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान दीपक के रूप में हुई है। पीड़ित का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि पुलिस ने दो आरोपियों पवन और सूरज को गिरफ्तार कर लिया है जबकि भागे हुए एक आरोपी देव की तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि 20 अक्तूबर की देर रात तीन बजे पुलिस को विकासपुरी के शौचालय के पास एक युवक को चाकू मारे जाने की जानकारी मिली थी। पुलिस घायल दीपक को पास के डीडीयू अस्पताल ले गई। दीपक ने बताया कि वह विकासपुरी में रहता है और अपना वैन चलाता है। उसने बताया कि घटना के समय शौचालय के पास कालू, सूरज, देव और चंदन शराब पी रहे थे। इस दौरान कालू, सूरज, देव का चंदन से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। तीनों चंदन की पिटाई करने लगे। यह देखकर दीपक ने बीचबचाव करने की कोशिश की। थाना प्रभारी राजवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी निगरानी कर दो आरोपी इंदिरा कैंप नंबर 3 निवासी पवन और सूरज को इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि दोनों स्विगी कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करते हैं।