मुख्यमंत्री ने कार्यक्रमों को दिया अंतिम रूप
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में बुधवार को हुई एक बैठक में गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में नवंबर के अंतिम सप्ताह में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 350वीं बरसी को श्रद्धा और गौरव से मनाने का अवसर मिलना दिल्लीवासियों के लिए सौभाग्य है। यह पहली बार है जब दिल्ली सरकार इस स्तर का आयोजन कर रही है जो न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी याद रखा जाएगा।
कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और कपिल मिश्रा ने बताया कि गुरु साहिब के धड़ का अंतिम संस्कार दिल्ली में हुआ था और उसी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि में लाल किले पर तीन दिवसीय आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों में लाइट एंड साउंड शो, कीर्तन दरबार, चित्र प्रदर्शनी और इतिहास पर आधारित गतिविधियां होंगी।
दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने बताया कि दिल्ली के बाहर से नगर कीर्तन गुरुद्वारा शीशगंज साहिब पहुंचेगा और सिंघू बॉर्डर स्थित शहीदी स्मारक का नवीनीकरण किया जाएगा। साथ ही गुरु साहिब को समर्पित एक विशेष जंगल भी विकसित किया जा रहा है। बैठक में राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी, पूर्व सांसद तरलोचन सिंह सहित सिख पंथ की प्रमुख हस्तियां भी शामिल हुईं।