नई दिल्ली। शाहबाद डेयरी इलाके में शनिवार रात तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मंदीप हुड्डा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने कार चला रहे दिल्ली पुलिस के हवलदार प्रवीण को मौके से पकड़ लिया।
पुलिस ने पीड़ित के बयान पर प्रवीण के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की प्राथमिकी दर्ज की है। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि रात करीब 10.10 बजे शाहबाद डेयरी थाना पुलिस को बैंक ऑफ बड़ौदा के पास मेन बवाना रोड पर सड़क हादसा होने की जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल मंदीप हुड्डा को पास के अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि क्षतिग्रस्त बाइक और कार को कब्जे में ले लिया। जांच में पता चला कि कार को दिल्ली पुलिस का हवलदार प्रवीण चला रहा था। पीड़ित मंदीप ने पुलिस को बताया कि प्रवीण कार को लापरवाही से चला रहा था और सामने से आ रही उसकी बाइक में टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि प्रवीण अलीपुर थाने में तैनात है। ब्यूरो