दांव पर लगाए गए 97 हजार रुपये व जुए का सामान बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बाहरी जिला पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मंगोलपुरी इलाके में चल रहे जुए के अड्डे का खुलासा किया है, जिसे घोषित बदमाश संदीप चला रहा था। पुलिस ने सरगना समेत 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने जुए के लिए दांव पर लगाए गए 97 हजार रुपये नकद और जुए के अन्य सामान बरामद किए हैं। पुलिस जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच कर रही है। जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि सभी थाना पुलिस के साथ-साथ जिले के तमाम यूनिट को संगठित अपराध में लिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। निरीक्षक रोहित के नेतृत्व में स्पेशल स्टाफ की टीम इलाके में गश्त शुरू की और ऐसे अपराधियों की पहचान करने में जुट गई। मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया। 9 दिसंबर की रात स्पेशल स्टाफ की टीम मंगोलपुरी इलाके में गश्त कर रही थी। इस दौरान एफ-2 ब्लॉक के एक घर में जुआ अड्डा चलने की जानकारी मिली।
टीम ने सर्च वारंट लेने के बाद मुखबिर के बताए मकान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगे लेकिन मौके से 17 लोगों को पकड़ लिया। जांच में पता चला कि एफ-2 ब्लॉक का रहने वाला संदीप जुआ अड्डा चलाता था। वह मंगोलपुरी थाने का घोषित बदमाश है और उस पर लूटपाट, झपटमारी, आबकारी, जुआ और मादक द्रव्य अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। पकड़े गए ज्यादातर लोग मंगोलपुरी के आसपास के रहने वाले हैं। इसके अलावा अन्य लोग रोहतक, बहादुरगढ़ हरियाणा और कानपुर यूपी के रहने वाले हैं।