-व्यापार करने में आसानी से जुड़े सुधारों को प्रदर्शित करेगा, देशभर को आकर्षित करने की तैयारी
इस बार आईआईटीएफ 14 से 27 नवंबर तक चलेगा
आदित्य पाण्डेय
नई दिल्ली।
दिल्ली सरकार इस बार इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आईआईटीएफ) में बड़ा पैवेलियन बनाकर राजधानी में व्यापार को आसान बनाने के लिए किए सुधारों को प्रदर्शित करने की योजना बना रही है। तैयारियों को शुरू करते हुए सरकार ने दिल्ली स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (डीएसआईआईडीसी) को यह जिम्मेदारी सौंपी है।
डीएसआईआईडीसी ने भारत मंडपम (प्रगति मैदान) में पैवेलियन बनाने का टेंडर जारी किया है, जिससे डिजाइन एजेंसी की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बार एक भारत, श्रेष्ठ भारत की थीम पर 14 से 27 नवंबर तक आईआईटीएफ आयोजित होगा। इसमें दिल्ली सरकार निवेशकों को आकर्षित करने, कारोबारी प्रक्रियाओं को सरल बनाने और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए कई कार्यक्रम करेगी। हाल ही में सरकार ने ग्रीन कैटेगरी इंडस्ट्रीज के लिए कंसेंट टू ऑपरेट (सीटीओ) की मंजूरी प्रक्रिया को सरल किया है। अगस्त से, इन उद्योगों के अप्लीकेशंस पर यदि 20 दिनों में फैसला नहीं होता, तो उन्हें स्वतः अप्रूवल मिल जाएगा। पहले ये 120 दिन में होता था। इससे परिधान निर्माण, एल्यूमीनियम उत्पादों, आयुर्वेदिक उत्पादों, फर्नीचर, पैकेजिंग, खिलौनों, ऑप्टिकल सामान और कोल्ड स्टोरेज जैसे कम जोखिम वाले क्षेत्र की छोटी व मध्यम कंपनियों को फायदा पहुंचेगा। माना जा रहा कि इससे लाइसेंस राज खत्म होगा। सरकार और उद्योगों के बीच विश्वास बढ़ेगा। कम समय में आसानी से उद्योग स्थापित होंगे।
नई औद्योगिक नीति और सुधारों के हाइलाइट
दिल्ली औद्योगिक नीति 2025-35 के तहत, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस एक्ट या सिंगल विंडो एक्ट के जरिए और सुधार लागू किए जाने हैं। सरकार का दावा है कि इससे दिल्ली निवेश का केंद्र बनेगी और एमएसएमई को बढ़ावा मिलेगा। नए रोजगार पैदा होंगे और तकनीक व नवाचार में भी वृद्धि होगी। एआई, बिग डेटा, बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, बीमा, गेमिंग, एनिमेशन, बायोटेक, आईटी और आईटी सक्षम सेवाओं में निवेश में वृद्धि की उम्मीद है। इन सभी क्षेत्रों को मंडप में प्रमुखता से दिखाया जाएगा।
पैवेलियन डिजाइन के लिए 75 लाख रुपये का टेंडर जारी
डीएसआईआईडीसी ने पैवेलियन के डिजाइन और सजावट के लिए करीब 75 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है। डिजाइनर चुनने के लिए 13 अक्तूबर तक टेंडर भरे जाएंगे और 15 अक्तूबर को टेंडर खुलेंगे। पैवेलियन में उद्योगों में हुए सुधार, औद्योगिक क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने की तैयारी है। उद्योग विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मुख्यमंत्री खुद इस पैवेलियन की निगरानी करेंगी। मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा भी कई बैठकें कर चुके हैं। सरकार को बड़ी उम्मीद है कि इस बार ट्रेड फेयर से दिल्ली की इकोनॉमी को गति मिलेगी।