नई दिल्ली। राजधानी में हर दिन कोरोना संक्रमितों का ग्राफ तेजी से गिरता जा रहा है। सोमवार को नौ माह बाद संक्रमण के सबसे कम 161 मामले सामने आए, वहीं 8 मरीजों की मौत हो गई। दो अप्रैल के बाद ऐसा पहली बार है कि एक दिन में इतने कम नए संक्रमित मिले, जबकि 50523 लोगों की कोरोना जांच की गई। ऐसे में संक्रमण दर घट कर अब तक के सबसे न्यूनतम स्तर 0.32 फीसदी पर पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, दिल्ली में कुल संक्रमितों की संख्या 6,32,590 हो गई है, इनमें से 6,19,510 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। सोमवार को 362 मरीजों को छुट्टी दी गई। संक्रमण से अब तक 10,754 लोग जान गंवा चुके हैं। फिलहाल 2335 सक्रिय मामले हैं। इनमें से 1055 मरीजों का इलाज अस्पतालों में चल रहा है। कोविड केयर सेंटर में 34 और स्वास्थ्य केंद्रों में 6 मरीज भर्ती हैं, वहीं 1079 मरीजों होम आइसोलेशन में हैं। अब तक 99,23,591 लोगों की जांच की जा चुकी है। कंटेनमेंट जोन की संख्या घटकर 2269 रह गई है। दिल्ली में फिलहाल कोरोना से मृत्युदर 1.70 फीसदी है, वहीं रिकवरी दर 98 फीसदी है।
ब्रिटेन से लौटे 49 कोरोना मरीज हुए ठीक
ब्रिटेन से लौटे कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 70 हो गई है हालांकि इनमेें से 49 मरीजों को लोकनायक अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। फिलहाल यहां 21 संक्रमित मरीज भर्ती हैं। इनमें से सात कोरोना के नए स्ट्रेन से पीड़ित हैं। लोकनायक अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि सोमवार को तीन और मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उन्होंने कहा कि भर्ती हुए सभी मरीजों में कोरोना के हल्के लक्षण थे। कुल 70 मरीजों में से सिर्फ दो को ही आईसीयू में भर्ती करने की जरूरत पड़ी थी। उन्होंने कहा कि नए स्ट्रेन से पीड़ित मरीजों मेें कोई गंभीर लक्षण नहीं है। इससे पता चलता है कि संक्रमण का नया रूप ज्यादा घातक नहीं है। उन्होंने बताया कि अब तक 18 मरीजों में कोरोना के नए स्ट्रेन की पुष्टि हुई है। इनमें से 11 को छुट्टी दे दी गई है, जबकि 7 मरीजों का उपचार चल रहा है। सोमवार को ब्रिटेन या अन्य किसी देश से लौटा कोई कोरोना संक्रमित अस्पताल में भर्ती नहीं हुआ और न ही किसी मरीज में कोरोना के नए स्वरूप (स्ट्रेन) की पुष्टि हुई।