दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के लिए कोरोना वायरस एक बड़ी चुनौती बन चुका है। अब तक दिल्ली में पांच कोरोना संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं जिनके संपर्क में आने वालों में से अब तक 717 लोगों की पहचान हो चुकी है। इनमें से 72 लोगों को कोरोना वायरस के रिस्क को देखते हुए उनके सैंपल जांच के लिए दिल्ली एम्स भेजे हैं।
आशंका है कि आने वाले दिनों में ये आंकड़ा और भी ज्यादा बढ़ सकता है। इनमें से सबसे ज्यादा केस नंबर तीन से 356 लोग मिले थे। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने इन सभी की पहचान कर ली है। हालांकि विभाग ने आशंका के चलते लोगों की पहचान करने लिए अभियान कर जारी रखा है।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पांच में से चार मरीज विदेश से संक्रमित होकर आए हैं जबकि एक महिला मरीज को उसके पति से संक्रमण आया। हालांकि इन पांच लोगों से संपर्क में 717 में से एक मरीज को संदिग्ध मानते हुए सफदरजंग अस्पताल में भर्ती किया जा चुका है। उन्होंने आशंका जताई है कि ये आंकड़ा और ज्यादा हो सकता है। उन्होंने कहा कि विभाग इस चुनौती को बेहतर तरीके से समझ रहा है और इसे लेकर बेहतर प्रदर्शन देने का प्रयास भी कर रहा है।
बुधवार को विभाग की रिपोर्ट के अनुसार मयूर विहार निवासी मरीज के संपर्क में 105, पेटीएम कर्मचारी ने 171, उत्तम नगर निवासी युवक ने 356, पेटीएम कर्मचारी की पत्नी ने 76 और हाल ही में जापान से लौटे जनकपुरी निवासी पांचवें संक्रमित मरीज के संपर्क में आए 09 लोगों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें जांच के लिए पहुंच चुकी हैं।
रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली के पांच में से तीन संक्रमित मरीजों से बाहरी राज्यों के लोग भी संपर्क में आए हैं। इनसे कुल 632 लोग मिले जिनमें से 217 बाहरी राज्यों के निवासी हैं। अधिकारियों के अनुसार इनमें हरियाणा और यूपी के ज्यादा हैं।