नई दिल्ली। एमसीडी के सिविक सेंटर स्थित मुख्यालय में बुधवार को आयोजित दिल्ली 2.0 टेक डायलॉग के तहत देश के विभिन्न राज्यों से आए 60 युवा नवाचारकों ने शहरी प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में उप महापौर डॉ. मोनिका पंत ने प्रतिभागियों के साथ संवाद किया और उनके नवाचारों का अवलोकन किया।
इस अवसर पर एमसीडी के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. सतेंद्र सिंह दुर्सावत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने कचरा प्रबंधन, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, पार्किंग प्रबंधन, ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम (एचआरएमएस) और लेबर मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों के लिए विकसित एआई आधारित सॉफ्टवेयर और डिजिटल समाधान प्रस्तुत किए। पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से उन्होंने बताया कि इन तकनीकों के उपयोग से नगर निगम की कार्यप्रणाली अधिक तेज, पारदर्शी, सटीक और नागरिक-केंद्रित बनाई जा सकती है। उप महापौर डॉ. मोनिका पंत ने कहा कि आज का युवा तकनीक के माध्यम से शहरी समस्याओं के व्यावहारिक समाधान विकसित कर रहा है। निगम सभी उपयोगी सुझावों और एआई आधारित समाधानों का गंभीरता से अध्ययन करेगा तथा कचरा प्रबंधन सहित विभिन्न नागरिक सेवाओं में इनके उपयोग की संभावनाओं का मूल्यांकन करेगा। ब्यूरो