एनसीआर, यूपी के मेरठ और जौनपुर के ध्यानार्थ
500 लग्जरी कारें चुराकर जौनपुर-रायपुर में बेचीं
पूर्वी जिले की वाहन चोरी निरोधक शाखा ने अंतरराज्यीय गैंग के तीन बदमाशों को किया गिरफ्तार
इंश्योरेंस कंपनी से क्षतिग्रस्त कार खरीद उसी मॉडल की गाड़ी चुरा बदल देते थे चेसिस व इंजन नंबर
आरोपियों की निशानदेही पर 15 कारें और एक बाइक बरामद, पिछले पांच साल से चल रहा है गैंग
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पूर्वी जिले की वाहन चोरी निरोधक शाखा ने लग्जरी कारें चुराने वाले अंतरराज्यीय गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गैंग पिछले पांच साल में दिल्ली-एनसीआर से 500 से अधिक कारें चोरी कर यूपी के जौनपुर और छत्तीसगढ़ के रायपुर में बेच चुका है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इंश्योरेंस कंपनी व पोर्टल से क्षतिग्रस्त कारें कागजात समेत खरीद लेते थे और फिर उसी मॉडल की कार चोरी कर चेसिस व इंजन नंबर बदलकर बेच देते थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 15 कारें और एक बुलेट बाइक बरामद की है। मेरठ का रहने वाला वसीम और रियाज गैंग चलाते हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त दीपक यादव ने बताया कि आरोपियों की पहचान नंदनगरी निवासी सतीश कुमार, यूपी के जौनपुर निवासी कुनाल यादव और छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी रजिकुल्लाह के रूप में हुई है। 12 दिसंबर को शाखा के निरीक्षक दिनेश आर्य को सूचना मिली कि गैंग का एक बदमाश सतीश कुमार गाजीपुर डेयरी फार्म होते हुए नोएडा जा रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गाजीपुर श्मशान घाट के पास से उसे पकड़ लिया। उसके पास से विवेक विहार से चुराई गई कार मिली।
सतीश ने बताया कि वह वसीम गैंग का सदस्य है, जो दिल्ली-एनसीआर में लग्जरी कारें चोरी करता है। फिर चोरी की कारों को जौनपुर और रायपुर में बेचता है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दिल्ली, मेरठ, जौनपुर, रायपुर और छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके में दबिश देकर कुनाल यादव और रजिकुल्लाह खान को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 15 लग्जरी कारें और बुलेट बाइक बरामद की।
कुनाल वाणिज्य स्नातक है। वर्ष 2018 में कुनाल जल्द पैसा कमाने के लिए गैंग में शामिल हुआ। वह इंश्योरेंस कंपनियों व पोर्टल से स्क्रैप कारों को कागजात सहित खरीद लेता था और उसे वसीम को सौंप देता था। रजिकुल्लाह चोरी की कारों पर क्षतिग्रस्त कार का चेसिस व इंजन नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर डालकर उसे बेच देता था।