नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेताओं से मिलने की चाह में शामली (यूपी) के पांच बच्चों ने घर छोड़ दिया और बस में सवार होकर दिल्ली पहुंच गए। मुंबई के लिए बस पकड़ने की तैयारी कर ही रहे थे कि कश्मीरी गेट थाने के एक एएसआई की नजर उन पर पड़ गई। एएसआई सभी को थाने ले गया और पूछताछ के बाद किसी तरह उनके परिजनों से संपर्क किया। परिजन फौरन दिल्ली पहुंचे। छानबीन के बाद सभी बच्चों को सोमवार को उनके परिजनों के हवाले कर दिया।
उत्तरी-जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार रात कश्मीरी गेट थाने में तैनात एएसआई नरेेशपाल हनुमान मंदिर, जमुना बाजार के पास पेट्रोलिंग पर थे। इस दौरान देखा कि पांच बच्चे जिनकी उम्र आठ से 12 साल के बीच होगी, संदिग्ध हालात में अकेले घूम रहे थे। सभी ने बढ़िया कपड़े पहने हुए थे। कमर पर पिटठू बैग लटकाया हुआ था, जिनमें कपड़े भी थे। शक होने पर एएसआई ने बच्चों को विश्वास में लेकर उनसे घूमने का कारण पूछा तो बताया कि वह मुंबई जा रहे हैं। उनको मुंबई में कई एक्टर्स से मिलना है। एक बच्चे के पास एक हजार और अन्य के पास 500-500 रुपये थे। इस पर नरेश समझ गए कि बच्चे परिजनों को बिना बताए घर से दिल्ली आ गए हैं। वह सभी को थाने ले आए। बच्चों ने बताया कि वह गांव बनत, शामली, यूपी के रहने वाले हैं। रविवार सुबह बस में सवार होकर वह सीमापुरी पहुंचे। वहां से वह एक ऑटो में सवार होकर मुंबई जाने के लिए आईएसबीटी पहुंचे थे। नरेश ने बच्चों के खाने-पीने का इंतजाम कर उनको थाने में सुरक्षित छोड़ दिया। इसके बाद शामली थाने में संपर्क किया। वहां तब परिजनों ने कोई शिकायत नहीं की थी। अपना नंबर शामली थाने में छोड़कर नरेश ने इंतजार किया। इस दौरान परिवार के लोग शामली थाने पहुंच गए। वहां से नरेश से संपर्क किया और दिल्ली पहुंचे।