नई दिल्ली। ब्रिटेन में फैले कोविड के नए स्ट्रेन के भारत में 6 मामले सामने आए हैं। मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने जिन 6 लोगों में नए स्ट्रेन की पुष्टि की है, उनमें से एक महिला वह है, जो ब्रिटेन से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद ट्रेन से आंध्र प्रदेश पहुंच गई थी। महिला में संक्रमण के नए स्ट्रेन की पुष्टि होने के बाद इसके फैलने की आशंका काफी बढ़ गई है।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी का कहना है कि पिछले दिनों एक महिला ब्रिटेन से भारत लौटी थी, लेकिन वह दिल्ली एयरपोर्ट से फरार होकर एपी एक्सप्रेस के जरिये अपने घर आंध्रप्रदेश पहुंच गई थी। अधिकारियों ने जब महिला को तलाश किया तो पता चला कि उनमें कोरोना के नए स्ट्रेन के लक्षण हैं। जांच की गई और नमूना सीसीएमबी हैदराबाद भेजा गया। हैदराबाद की लैब में दो लोगों में नए स्ट्रेन की पुष्टि हुई है, जिसमें एक वह महिला है। अब इसकी वजह से बड़ी मुसीबत हो सकती है। सूत्रों का कहना है कि इस घटना से भारत में नए स्ट्रेन को फैलने का मौका मिल गया। यह बड़ी चिंता की बात है। ब्रिटेन से लौटे 6 लोगों में ये नए स्ट्रेन के लक्षण मिले हैं, इनमें से तीन बंगलूरू, दो हैदराबाद और एक पुणे की लैब के जीनोम सिक्वेंसिंग की जांच में पाया गया है। ब्रिटेन से लौटे जिन लोगों की जीनोम स्किवेंसिंग की गई थी, उसमें से कुछ की रिपोर्ट मंगलवार को जारी की गई।
केंद्र सरकार का कहना है कि 25 नवंबर से 23 दिसंबर के बीच ब्रिटेन से 33 हजार लोग भारत लौट हैं। सभी को ट्रैक किया गया और उनका टेस्ट करवाया गया। इनमें से कुल 114 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इनके नमूने अलग-अलग लैब में भेजे गए। वहां से आई रिपोर्ट में इनमें से कुल 6 लोगों के नमूनों में कोरोना का नया रूप पाया गया है। इन सभी लोगों को उनके राज्य की सरकार द्वारा एक सेल्फ आइसोलेशन रूम में रखा गया है, जबकि उनके संपर्क में आए लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया।