जीव विज्ञान आसान तो भौतिक विज्ञान लगा सबसे कठिन
या
जीव विज्ञान का पेपर देख छात्रों के खिले चेहरे
नीट परीक्षा से छात्र खुश, बेहतर प्रदर्शन की जताई उम्मीद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमबीबीएस और बीडीएस प्रोग्राम में दाखिले के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा रविवार को आयोजित की गई नीट परीक्षा में ज्यादातर छात्रों को जीव विज्ञान सबसे आसान तो भौतिक विज्ञान सबसे कठिन विषय लगा। प्रवेश परीक्षा के बाद छात्रों ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस बार परीक्षा आसान रही। साथ ही छात्रों ने इस साल कटऑफ बढ़ने का अनुमान लगाया है।
ज्यादातर सवाल सीबीएसई पुस्तकों पर आधारित
इस साल की परीक्षा सबसे ज्यादा आसान रही। ज्यादातर सवाल सीबीएसई पुस्तकों पर आधारित ही रहे, हालांकि भौतिक विज्ञान का पेपर थोड़ा सा लंबा रहा, लेकिन यदि ठीक-ठाक पढ़ाई की गई है तो इसमें भी लगभग 120 नंबर आसानी से लाए जा सकते हैं। इस बार रसायन विज्ञान में कम न्यूमेरिकल पूछे गए थे। - फैजल
इस बार की परीक्षा में भौतिक विज्ञान के साथ-साथ गणित भी थोड़ा मुश्किल था। बाकी पेपर आसान होने और पिछले साल के मुकाबले ज्यादा छात्रों के प्रवेश परीक्षा में शामिल होने से कट ऑफ ज्यादा होगा। -अनवर
इस बार जीव विज्ञान में बहुत आसान सवाल पूछे गए थे। हालांकि पिछले साल के मुकाबले इस साल ज्यादा छात्रों ने परीक्षा में हिस्सा लिया है तो कटऑफ थोड़ी बढ़ जाने की उम्मीद है, लेकिन इस बार की परीक्षा से ज्यादा खुश है।
- अतुल
सफलता के लिए ओडिशा की बजाए दिल्ली को चुना
अपने राज्य ओडिशा में दूर परीक्षा केंद्र मिलने के डर से ऐमन ने दिल्ली को ही केंद्र के रूप में चुना। ऐमन ने बताया कि उनके भाई दिल्ली में रहते हैं इसलिए मैं दिल्ली परीक्षा देने आई। ऐमन ने दूसरी बार नीट दी है और उन्हें उम्मीद है कि इस बार वो सफल हो जाएंगी। उन्हें भी बाकी छात्रों की तरह ही जीव विज्ञान के पेपर को सबसे आसान बताया। ऐमन ने कहा कि जीव विज्ञान में बहुत आसान सवाल पूछे गए थे। वहीं भौतिक विज्ञान थोड़ा उलझाने वाला और ज्यादा समय लेने वाला रहा। ऐमन को इस बात का अफसोस भी है कि यदि वह ओडिशा में ही परीक्षा केंद्र चुनती तो उन्हें तैयारी के लिए कुछ दिन और मिल पाते क्योंकि फैनी तूफान से वहां परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है।