कई राज्यों के छात्रों को नहीं मिले आरक्षित वर्ग के सर्टिफिकेट
- जेईई एडवांस के आवेदन पत्र में ओरिजनल सर्टिफिकेट अपलोड करना अनिवार्य
सीमा शर्मा
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के छात्रों को आईआईटी में दाखिला के लिए आरक्षित वर्ग का लाभ रूक सकता है। इन राज्यों के छात्रों के पास ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग में नई जुड़ी श्रेणी के सर्टिफिकेट नहीं हैं। इसके चलते जेईई एडवांस-2019 ऑनलाइन आवेदन पत्र भी नहीं भर पा रहे हैं, जबकि जेईई एडवांस-2019 ऑनलाइन आवेदन पत्र के साथ ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग वर्ग का लाभ लेने के लिए संबंधित वर्ग के तहसीलदार द्वारा जारी ओरिजनल सर्टिफिकेट अपलोड करना अनिवार्य है।
आईआईटी रुड़की के प्रोफेसर और जेईई एडवांस-2019 के चेयरमैन प्रो. एमएल शर्मा के मुताबिक, जेईई एडवांस-2019 की हेल्पलाइन पर हजारों की संख्या में छात्रों के फोन आ रहे हैं। हरियाणा, यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान आदि राज्यों के छात्रों के पास ईडब्ल्यूएस के सर्टिफिकेट नहीं हैं। क्योंकि तहसीलदार छात्रों को ईडब्ल्यूएस के सर्टिफिकेट जारी ही नहीं कर रहे है। छात्रों का कहना है कि उनके राज्य के तहसीलदार का कहना है कि केंद्र सरकार की ईडब्ल्यूएस की कोई सूचना अभी तक उन्हें नहीं मिली है। इसके चलते वे सर्टिफिकेट नहीं दे सकते हैं। इसके अलावा कुछ छात्रों ने जेईई मेन 2019 के आवेदन पत्र में ईडब्ल्यूएस की जानकारी नहीं दी थी। जिन छात्रों ने जेईई मेन 2019 के आवेदन में दिव्यांग या ईडब्ल्यूएस श्रेणी के तहत रजिस्ट्रेशन नहीं किया होगा, उन्हें जेईई एडवांस में लाभ नहीं मिल सकता है। हालांकि जिन छात्रों ने जेईई मेन के आवेदन में श्रेणी दी थी, लेकिन तहसीलदार की ओर से जारी संबंधित वर्ग का ओरिजनल सर्टिफिकेट नहीं होगा, उसको लाभ नहीं मिलेगा। क्योंकि आवेदन पत्र के साथ संबंधित श्रेणी का ओरिजनल सर्टिफिकेट अपलोड करना अनिवार्य है।
-----
श्रेणी छोड़ सकते पर जोड़ नहीं सकते
जेईई एडवांस के आवेदन पत्र में छात्र श्रेणी छोड़ सकते हैं, लेकिन जोड़ नहीं सकते हैं। यदि किसी छात्र के पास आरक्षित वर्ग के तहत सर्टिफिकेट नहीं होगा तो उसकी श्रेणी बदल जाएगी। वह आरक्षित से सामान्य श्रेणी में आ जाएगा, लेकिन सामान्य से आरक्षित वर्ग में तब्दील नहीं हो सकता है।
-----
तीन दिन में 70 हजार रजिस्ट्रेशन
जेईई एडवांस 2019 की आवेदन विंडो खुलने के तीन दिन में 70 हजार से अधिक छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कर दिया है। इसमें से 50 हजार से अधिक ने फीस भी जमा कर दी है, जबकि जेईई एडवांस के लिए जेईई मेन 2019 की रैंकिंग से 2 लाख 45 हजार छात्रों का चयन हुआ है। जेईई एडवांस ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने का आखिरी मौका 9 मई है, जबकि आवेदन पत्र में लिखी श्रेणी के तहत ओरिजनल सर्टिफिकेट 5 जून तक अपलोड हो सकते हैं।